प्रयागराज: आठ महीने से लापता बुजुर्ग की तलाश में जुटी मांडा पुलिस, परिजनों ने आमजन से मांगी मदद
प्रयागराज::मांडा थाना क्षेत्र के शुकलपुर गांव निवासी गुलाब शंकर मिश्रा बीते आठ महीनों से लापता हैं। 24 सितंबर को घर से जिगिना के लिए निकले वृद्ध की राह देखते-देखते उनका परिवार अब चिंता में डूबा है, लेकिन इस कठिन समय में मांडा पुलिस का संवेदनशील रवैया पीड़ित परिवार के लिए उम्मीद की एक किरण बना हुआ है।परिजनों की तहरीर पर मांडा थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही स्थानीय पुलिस पूरी तत्परता के साथ जांच में जुटी है। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए उप-निरीक्षक (दरोगा) अमीर खान उस्मानी ने व्यक्तिगत रुचि दिखाई है। दरोगा उस्मानी ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस की विशेष टीम लगातार बुजुर्ग की खोजबीन कर रही है। उन्होंने कहा हम इस मामले को प्राथमिकता पर ले रहे हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि गुलाब शंकर मिश्रा को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया जा सके।
परिजनों ने की जनता से अपील
लापता वृद्ध के भाई लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच आगे बढ़ रही है। परिवार ने मीडिया के माध्यम से आम जनमानस से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा, हमारा परिवार आठ महीने से गहरे सदमे में है। यदि किसी भी सज्जन को कहीं भी गुलाब शंकर मिश्रा दिखाई दें, तो वे तत्काल मांडा पुलिस या हमें सूचित करें। आपकी एक छोटी सी जानकारी किसी परिवार को बिखरने से बचा सकती है।यदि आपके पास लापता गुलाब शंकर मिश्रा के बारे में कोई भी सूचना हो, तो कृपया मांडा थाने से संपर्क करें या उनके परिजनों को सूचित करें। मानवता के नाते इस संदेश को अधिक से अधिक साझा करें ताकि यह सूचना सही व्यक्ति तक पहुँच सके।