बुजुर्ग किसान की ईंट से कुचलकर हत्या
- शुक्रवार सुबह पशु बाड़े में उसका खून से लथपथ शव खाट पर मिला. परिजनों ने गांव के ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है
- बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद काफी संख्या में गांव के लोग पहुंचे. ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी
भदोही, 21 जून. कोतवाली क्षेत्र के नगुआं गांव में बुजुर्ग किसान की बृहस्पतिवार देर रात सोते समय ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गयी.
शुक्रवार सुबह पशु बाड़े में उसका खून से लथपथ शवखाट पर मिला. परिजनों ने गांव के ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है.
पुलिस के अनुसार, किसान राधेश्याम यादव (70) भोजन करने के बाद पशु बाड़े में सोने चला गया. शुक्रवार सुबह उसकी बहू बाड़े में पशुओं को चारा देने गई तो राधेश्याम का खून से लथपथ शव खाट पर पड़ा था.
बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद काफी संख्या में गांव के लोग पहुंचे. ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गयी.
वहीं हत्या की खबर लगते ही पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद आवश्यक निर्देश दिए. इस दौरान डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल की जांच पड़ताल की.
कोतवाली प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि बुजुर्ग कीईंट से कूचकर हत्या की गई है. इसके पीछे रंजिश की बात सामने आ रही है. परिजनों ने ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. वारदात में जो भी शामिल होगा उसकी गिरफ्तारी की जायेगी।


टिप्पणियाँ