प्रयागराज में लल्लूजी एंड संस के गोदाम में भीषण अग्निकांड, 10 करोड़ का नुकसान
संवाददाता कन्हैयालाल दुबे
प्रयागराज: संगम क्षेत्र के परेड ग्राउंड के पास स्थित महाकुंभ के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कंपनी लल्लूजी एंड संस के एक टेंट गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। इस अग्निकांड में टेंट, तंबू, रजाई, गद्दे, बांस-बल्लियां समेत लगभग 10 करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की प्रचंडता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ सेना को भी बुलाया गया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
महाकुंभ में तंबुओं का शहर बसाने वाली लल्लूजी एंड संस को इस अग्निकांड से भारी क्षति पहुंची है। कंपनी के इस गोदाम में महाकुंभ के बाद रखे गए बड़ी मात्रा में टेंट और अन्य सामग्री जल गई।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर लीक होने या किसी मजदूर द्वारा लापरवाही से जलती हुई बीड़ी फेंकने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मामले की गहन जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि लल्लूजी एंड संस प्रयागराज की एक प्रतिष्ठित कंपनी है, जो कुंभ और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के लिए टेंट और अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करती है। कंपनी के अन्य गोदाम झूंसी, रामबाग और नैनी क्षेत्रों में भी स्थित हैं।
टिप्पणियाँ