नालासोपारा पूर्व में जल निगम की लापरवाही से राहगीर परेशान, एक माह से खुदी सड़क बनी दुर्घटना का कारण
नालासोपारा (पूर्व): वसई विरार में परिवर्तन के बाद भी समस्याओं में कोई परिवर्तन नजर नहीं आ रहा है है बात कर रहे है पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व की जहां पर पिछले एक महीने से जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क अब स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। संतोष भवन और श्रीराम नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिसे अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। इस लापरवाही के कारण हर रोज बाइक सवार गिर रहे हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ रही हैं।
खुदी हुई सड़क और बिखरे हुए पत्थर के कारण राहगीरों को पैदल चलने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को इस कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। इसके अतिरिक्त, सड़क के संकरे हो जाने से स्टेशन से संतोष भवन और श्रीराम नगर तक पूरे दिन भारी ट्रैफिक जाम लगा रहता है। पीक आवर्स में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है।
स्थानीय निवासियों ने जल निगम और परिवहन विभाग के अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क को ठीक नहीं किया गया है, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने परिवहन विभाग और जल निगम से अपील की है कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा करें, ताकि आम जनता को हो रही परेशानियों से मुक्ति मिल सके।
यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देते हैं और नालासोपारा पूर्व के निवासियों को इस परेशानी से कब निजात मिलती है।
टिप्पणियाँ