वसई-विरार की महिलाओं के लिए खुशखबरी! मनपा परिवहन में भी मिलेगी 50% टिकट छूट
वसई-विरार: महाराष्ट्र सरकार की एसटी महामंडल की बसों में महिला यात्रियों को मिल रही 50% टिकट दर छूट का लाभ अब जल्द ही वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) की परिवहन सेवा में भी मिल सकता है। वसई विधानसभा की विधायक श्रीमती स्नेहा दुबे पंडित ने इस संबंध में वसई-विरार महानगरपालिका आयुक्त श्री अनिलकुमार पवार से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि ठाणे और नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्रों में यह छूट पहले से ही लागू है, जिससे वहां की महिला यात्री लाभान्वित हो रही हैं। हालांकि, वसई-विरार क्षेत्र की महिलाओं को अभी तक VVMC की बसों में इस सुविधा का इंतजार है।
इस विसंगति को ध्यान में रखते हुए, विधायक श्रीमती स्नेहा दुबे पंडित ने आयुक्त श्री अनिलकुमार पवार के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि जब तक राज्य सरकार से इस योजना के लिए अतिरिक्त धनराशि प्राप्त नहीं होती है, तब तक महानगरपालिका के महिला एवं बाल कल्याण विभाग के 5% आरक्षित कोष का उपयोग करके इस छूट योजना को तुरंत शुरू किया जा सकता है।
आयुक्त श्री अनिलकुमार पवार ने विधायक श्रीमती दुबे पंडित को आश्वासन दिया है कि इस विषय पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस पहल के संबंध में विधायक श्रीमती स्नेहा ताई दुबे पंडित ने कहा कि वह स्वयं इस महत्वपूर्ण मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष पुरजोर तरीके से उठा रही हैं, ताकि वसई-विरार क्षेत्र की महिलाओं को भी जल्द से जल्द सस्ती और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो सके।
यह कदम वसई-विरार की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा और उन्हें सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
टिप्पणियाँ